Gurugram- गुरुग्राम पुलिस ने करीब 2 करोड़ रुपये कीमत की लौंग चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 20 टन 900 किलोग्राम लौंग और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो ट्रक बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लौंग से भरे ट्रक को गुरुग्राम के सुनसान इलाके में खाली किया और माल को दूसरे ट्रकों में भरकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद चोरी की गई लौंग को असम ले जाकर बेचने की योजना बनाई गई थी।

दरअसल, 14 अक्टूबर 2026 को ABC Express कंपनी के एक पदाधिकारी ने गुरुग्राम के सेक्टर-10 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, महाराष्ट्र के न्हावा शेवा से दिल्ली भेजी जा रही लौंग की 500 बोरियों की खेप का मूल्य करीब 2 करोड़ रुपये था। यह माल एक ट्रक के जरिए दिल्ली पहुंचाया जाना था। 11 अक्टूबर को ट्रक चालक को डिलीवरी के पते की जानकारी दी गई, लेकिन निर्धारित स्थान पर माल नहीं पहुंचा।

इसके बाद कंपनी के कर्मचारियों ने चालक से मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसके दोनों मोबाइल फोन बंद मिले। जब ट्रक की तलाश की गई तो वह बावल के पास रॉयल पेपर होटल के नजदीक खाली अवस्था में लावारिस खड़ा मिला।

ट्रक की GPS लोकेशन की जांच करने पर पता चला कि 12 अक्टूबर की रात ट्रक गुरुग्राम के सेक्टर-93 क्षेत्र में मौजूद था। जांच के दौरान मौके पर लौंग बिखरी हुई मिली और बोरियों पर लगे मार्किंग लेबल भी बरामद हुए। इससे पुलिस को शक हुआ कि लौंग को यहां उतारकर दूसरे ट्रकों में स्थानांतरित किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा बिलासपुर की टीम ने 16 अक्टूबर को राठीवास स्थित पास्को फिटिंग सेंटर के नजदीक से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूंह जिले के रानियाला पटकपुर निवासी मनन, नूंह जिले के बिछोर गांव निवासी जुनैद और असम के बारपेटा जिले के बिलपतरी निवासी अजीज के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने लौंग से भरे ट्रक को गुरुग्राम के सेक्टर-88/89 क्षेत्र में एक सुनसान जगह पर खाली किया था। इसके बाद चोरी की गई लौंग को दो अन्य ट्रकों में भर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ट्रक आरोपी मनन का है, जबकि जुनैद उस ट्रक पर चालक के रूप में काम करता था। वहीं, आरोपी अजीज चोरी की गई लौंग को बिकवाने में शामिल था।

आरोपियों की योजना चोरी की गई लौंग को असम ले जाकर बेचने की थी। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 टन 900 किलोग्राम लौंग और वारदात में इस्तेमाल किए गए दोनों ट्रक बरामद कर लिए हैं।

फिलहाल, तीनों आरोपियों से मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस उन्हें अदालत में पेश कर हिरासत रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।