Gurugram- स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस उपायुक्त यातायात प्रतीक गहलोत IPS ने मंगलवार को अधिकारियों और यातायात निरीक्षकों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।बैठक में एसीपी ट्रैफिक मुख्यालय/हाईवे सत्यपाल यादव HPS, एसीपी ट्रैफिक पूर्व इंद्रजीत HPS, एसीपी ट्रैफिक पश्चिम संजय HPS समेत सभी यातायात निरीक्षक मौजूद रहे। डीसीपी ट्रैफिक ने अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के दौरान पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारी मालवाहक वाहनों का दिल्ली की सीमा में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पहला प्रतिबंध 12 अगस्त 2026 शाम 5 बजे से 13 अगस्त दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा। इसके बाद 14 अगस्त शाम 5 बजे से 15 अगस्त दोपहर 1:30 बजे तक भारी वाहनों की दिल्ली में एंट्री प्रतिबंधित रहेगी।इस दौरान NH-48 समेत अन्य मार्गों से दिल्ली में प्रवेश करने वाले भारी मालवाहक वाहनों पर रोक रहेगी। हालांकि दूध, फल-सब्जी, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है।

दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले यात्री वाहनों को राहत दी गई है। NH-48 के जरिए एयरपोर्ट जाने वाले यात्री वाहनों पर प्रतिबंध नहीं रहेगा। इसके अलावा यात्री द्वारका एक्सप्रेसवे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।गुरुग्राम से पलवल, नूंह/मेवात, फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी और राजस्थान की ओर जाने वाले वाहनों पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं रहेगा। प्रतिबंध केवल दिल्ली की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों पर लागू होगा।
ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहन चालकों, वाहन मालिकों, ट्रक यूनियन और कैंटर यूनियन के पदाधिकारियों से अपील की है कि निर्धारित तारीख और समय के दौरान अपने वाहनों को दिल्ली की ओर न लाएं। पुलिस ने कहा कि सभी के सहयोग से स्वतंत्रता दिवस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जा सकेगा और आम लोगों को परेशानी से बचाया जा सकेगा।






