गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, 89 हजार के लंबित चालानों वाली थार जब्त
SM
Sahil Manchanda
Published on Aug 3, 2026 • 2 min read
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सिरहौल टोल पर ब्लैक फिल्म, HSRP नंबर प्लेट नहीं होने और ₹89 हजार के 6 लंबित चालानों के चलते एक थार को इंपाउंड कर दिया।
Gurugram- यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस ने एक थार वाहन को ब्लैक फिल्म, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) नहीं होने और 89 हजार रुपये के लंबित चालानों के चलते इंपाउंड कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त को सिरहौल टोल पर चेकिंग के दौरान जोनल अधिकारी एएसआई राजेश अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक थार वाहन को रोका गया। जांच में वाहन के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगी मिली और गाड़ी पर निर्धारित मानकों के अनुरूप HSRP नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।
पुलिस ने चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन का रिकॉर्ड जांचा गया, जिसमें सामने आया कि इस थार पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत कुल 6 चालान लंबित हैं। इन चालानों की कुल राशि 89 हजार रुपये थी।बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन और भारी संख्या में लंबित चालान पाए जाने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को इंपाउंड कर निर्धारित स्थान पर खड़ा करा दिया।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार HSRP नंबर प्लेट लगवाएं, शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल न करें और समय पर अपने चालानों का निस्तारण करें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कर न केवल जुर्माने से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क पर सभी की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsgurgaonpolicegurugrampolicepolicecrimetrafficpolicechallantharimpound