मामला बादशाहपुर की सब्जी मंडी के पास बनी झुग्गियों का है। 16 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि झुग्गी नंबर-24 में एक महिला मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
शुरुआत में मृतका के पति दिनेश ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी की मौत अत्यधिक शराब पीने के कारण हुई है। इसी आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरा मामला बदल गया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत गला दबाने से दम घुटने के कारण हुई थी।
इसके बाद 17 जुलाई को झुग्गी मालिक विकास ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि मृतका तलमई किसकू और उसका पति दिनेश पिछले करीब एक महीने से किराये पर रह रहे थे। दोनों मजदूरी करते थे और अक्सर शराब पीने के बाद उनके बीच झगड़ा होता था। 14 जुलाई की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था और दो दिन बाद महिला मृत मिली।
शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 जुलाई को पुलिस ने टिकली रोड, बादशाहपुर से आरोपी पति दिनेश, उम्र 35 वर्ष, निवासी आलम नगर, जिला लखनऊ, हाल निवासी बादशाहपुर, गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 जुलाई की रात वह शराब पीकर घर पहुंचा और पत्नी से खाना बनाने के लिए कहा। पत्नी के मना करने पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर उसने पहले हाथों से और फिर एक कपड़े की मदद से पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह मौके से चला गया और पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी बनाई कि पत्नी की मौत ज्यादा शराब पीने से हुई है।
फिलहाल गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि हत्या में इस्तेमाल किए गए कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।






