सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए ट्रैफिक रूट को डायवर्ट करा दिया। जब तक हाईटेंशन तार को हाइवे से हटाया जाता तब तक यहां दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।पुलिस की मानें तो दोपहर को हुई इस घटना के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई। करंट की चपेट में कोई न आ जाए, ऐसे में वाहनों को पहले ही रोक दिया गया और हाइवे पर दोनों ओर ट्रैफिक रूट को डायवर्ट कर दिया गया। दिल्ली से मानेसर की ओर जाने वाले वाहनों को राजीव चौक व हीरो होंडा चौक के जरिए आगे भेजा गया। वहीं, मानेसर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को द्वारका एक्सप्रेसवे तथा एसपीआर के रास्ते आगे भेजा गया।
हाईटेंशन तार सड़क पर गिरने की खबर मिलते ही हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमेटेड की टीम मौके पर पहुंची। सबसे पहले संबंधित लाइन की बिजली सप्लाई को ग्रिड से बंद किया गया ताकि कोई करंट की चपेट में न आए। इसके बाद हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमेटेड के कर्मचारियों ने हाईवे पर गिरे भारी-भरकम तारों को हटाने का काम शुरू किया।करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तारों को सड़क से पूरी तरह हटा दिया। इसके बाद पुलिस ने हाईवे को दोबारा वाहनों के लिए खोल दिया।इस पूरे घटनाक्रम में सबसे राहत की बात यह रही कि किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।






