गुरुग्राम में रिश्ते का कत्ल, शक में पति ने ली पत्नी की जान

भोंडसी में पत्नी के चरित्र पर शक के चलते कथित तौर पर पति ने चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Gurugram- भोंडसी इलाके से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले एक पति ने कथित तौर पर चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए मौत की वजह पेट दर्द बताई, लेकिन पुलिस की जांच में पूरा सच सामने आ गया।
पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई को अस्पताल से सूचना मिली कि एक महिला को मृत अवस्था में लाया गया है। महिला के पति ने दावा किया कि उसकी पत्नी की मौत पेट दर्द के कारण हुई है।लेकिन जब पुलिस ने शव का निरीक्षण किया तो महिला के गले पर संदिग्ध निशान मिले। इसके बाद मृतका के परिजनों को बुलाया गया। मृतका के पिता ने शिकायत दी कि उनकी 21 वर्षीय बेटी की शादी वर्ष 2025 में हेमंत से हुई थी और दोनों भोंडसी क्षेत्र में एक खेत पर मजदूरी करते थे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 28 जुलाई को आरोपी पति हेमंत को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी शक के चलते उसने 26 और 27 जुलाई की रात चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने मौत को सामान्य बीमारी बताकर परिजनों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई चुन्नी भी बरामद कर ली है।फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags:Gurgaongurugramgurugramnewsharyanabhondsipolicegurgaonpolicehusbandwife




