Gurugram- मानेसर में प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को नगर निगम मानेसर की टैक्स विंग ने आईएमटी सेक्टर-2 स्थित रहेजा टावर-ए और जिंजर होटल को सील कर दिया। दोनों व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर नगर निगम का कुल 1 करोड़ 11 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है।

नगर निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया और संबंधित प्रबंधन को बकाया टैक्स जमा करने के निर्देश दिए। टैक्स असिस्टेंट उदय सिंह के मुताबिक, संपत्ति मालिकों को बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने के लिए पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन समय पर टैक्स जमा नहीं किया गया। इसके बाद निगम की ओर से सीलिंग की कार्रवाई की गई।

नगर निगम के संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव ने बताया कि निगम क्षेत्र में बड़े प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। लंबे समय से टैक्स जमा नहीं करने वाली व्यावसायिक और आवासीय संपत्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी प्रॉपर्टी धारकों से समय पर टैक्स जमा करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों की अनदेखी करने वाले बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग और अन्य कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।