मामला गुरुग्राम के थाना डीएलएफ सेक्टर-29 क्षेत्र का है। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके गांव के रहने वाले दीपक कुमार ने अपने साथियों के जरिए उसे स्लोवाकिया भेजने का झांसा दिया। पहले वीजा बनवाने के नाम पर 50 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद फर्जी दस्तावेज और वीडियो कॉल के जरिए वीजा दिखाकर कुल 6 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। लेकिन न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही पैसे लौटाए गए। आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 26 जुलाई को आरोपी दीपक कुमार को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रेवाड़ी जिले के गांव रतनथल का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, दीपक ने अपने साथी शैलेश के साथ मिलकर इस ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। शैलेश को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके कब्जे से 2 लाख रुपये भी बरामद किए गए थे।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी ताकि ठगी की रकम की बरामदगी हो सके और यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने इसी तरह कितने अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया है। मामले की जांच जारी है।






