गुरुग्राम में बेटे और बहू से मिलने न देने की रंजिश में एक व्यक्ति ने अपनी समधिन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना 16 अगस्त की रात करीब 11 बजे की है। पीड़िता के मुताबिक, उसका दामाद का पिता नशे की हालत में उसके पास पहुंचा और उसके साथ बहसबाजी करने लगा। इसी दौरान आरोपी ने जान से मारने की नीयत से सब्जी काटने वाले चाकू से उस पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और पीड़िता को बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया।

घटना के संबंध में पीड़िता ने 17 अगस्त को थाना उद्योग विहार, गुरुग्राम में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना उद्योग विहार की पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 अगस्त को आरोपी को सूर्य विहार, सेक्टर-21, गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 49 वर्षीय संजय निवासी ईशापुर, जिला नालंदा, बिहार के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मजदूरी का काम करता है। आरोपी और शिकायतकर्ता आपस में समधी-समधिन हैं। आरोपी के बेटे का विवाह शिकायतकर्ता की बेटी से हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शिकायतकर्ता उसे अपने बेटे और बहू से मिलने नहीं दे रही थी। इसी बात को लेकर उसके मन में रंजिश थी और इसी रंजिश के चलते उसने 16 अगस्त की रात करीब 11 बजे महिला पर चाकू से हमला किया।

पुलिस ने आरोपी को 18 अगस्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है।