Gurugram- मानेसर में थाना पुलिस ने मानवता और कर्तव्यपरायणता की मिसाल पेश की है। यहां एक सोसायटी के फ्लैट में रहने वाला व्यक्ति काफी समय से बीमार चल रहा था। जब उसने सुबह से न तो अपने फ्लैट का दरवाजा खोला और न ही फोन कॉल का जवाब दिया, तो उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। सूचना मिलने पर मानेसर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बंद फ्लैट का दरवाजा खुलवाकर बेहोशी की हालत में मिले व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया। दरअसल, पूरा मामला 23 अक्टूबर की अर्धरात्रि के आसपास का है। थाना मानेसर पुलिस को VIUVO सोसायटी, सेक्टर-1, मानेसर के फ्लैट नंबर 506, GS-52 में रहने वाले प्रदीप कुमार सरकार के संबंध में सूचना मिली थी।

सोसायटी के सिक्योरिटी इंचार्ज ने पुलिस को बताया कि प्रदीप कुमार सरकार काफी समय से बीमार हैं। उन्होंने सुबह से अपने फ्लैट का दरवाजा नहीं खोला था और फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम बिना देरी किए सोसायटी पहुंची। मौके पर जांच करने पर पता चला कि फ्लैट का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने मैकेनिक की मदद से कटर के जरिए दरवाजा खुलवाया। जब पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे, तो फ्लैट के भीतर अन्य दरवाजे भी बंद मिले। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम अंदर तक पहुंची, जहां प्रदीप कुमार सरकार बेहोशी की हालत में पड़े मिले। हालांकि, उस समय उनकी सांसें चल रही थीं।

व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था की और उन्हें इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल, सेक्टर-5, IMT मानेसर पहुंचाया। इसके साथ ही पुलिस ने उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने के प्रयास भी किए।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रदीप कुमार सरकार अत्यधिक बीमार थे और मधुमेह यानी शुगर की बीमारी से भी पीड़ित थे। जानकारी यह भी सामने आई कि वह दिल्ली के करोल बाग स्थित SAPIENS IAS Academy में सिविल सेवा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को मानव विज्ञान और प्राणी विज्ञान की कोचिंग देते हैं।इस पूरे घटनाक्रम में थाना मानेसर पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता देखने को मिली। पुलिस ने समय रहते स्थिति को समझा, बंद दरवाजे खुलवाए और बेहोश व्यक्ति को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की।

यह घटना बताती है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराधों पर कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय आम नागरिकों की मदद करना और उनके जीवन की रक्षा के लिए प्रयास करना भी उसके कर्तव्यों का अहम हिस्सा है।पुलिस की इस कार्रवाई की सोसायटी के निवासियों ने भी सराहना की। गुरुग्राम पुलिस ने एक बार फिर सेवा, सुरक्षा और सहयोग की भावना का संदेश देते हुए यह दिखाया कि संकट की घड़ी में समय पर उठाया गया कदम किसी व्यक्ति को जरूरी चिकित्सा सहायता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।