BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Crime/पत्नी की दुकान की बिजली चालू करवाने के लिए बना फर्जी एसपी, आरोपी गिरफ्तार
property

पत्नी की दुकान की बिजली चालू करवाने के लिए बना फर्जी एसपी, आरोपी गिरफ्तार

SM

Sahil Manchanda

Published on Jul 26, 2026 • 2 min read

पत्नी की दुकान की बिजली चालू करवाने के लिए बना फर्जी एसपी, आरोपी गिरफ्तार
Gurugram- पुलिस ने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का वरिष्ठ अधिकारी बताकर थाना प्रभारी पर दबाव बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी पत्नी की दुकान की बिजली दोबारा चालू करवाने के लिए फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर फोन किया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को थाना डीएलएफ सेक्टर-29 के प्रभारी के सरकारी मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी चंदन सिंह बताते हुए मेगा मॉल स्थित एक शोरूम की बिजली तुरंत चालू करवाने की मांग की। उसने स्वयं को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताते हुए कार्रवाई के लिए दबाव बनाया और डीजीपी स्तर का भी हवाला दिया।


थाना प्रभारी को बातचीत के दौरान संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजकर पूरे मामले की जांच करवाई। जांच में सामने आया कि फोन करने वाला व्यक्ति हिमाचल प्रदेश पुलिस का कोई अधिकारी नहीं था, बल्कि उसकी पहचान करण कुमार सकूजा (51 वर्ष), निवासी नेब सराय, दक्षिण दिल्ली के रूप में हुई।


property

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की पत्नी की मेगा मॉल में एक दुकान है, जिसकी बिजली मॉल प्रबंधन ने किसी कारणवश काट दी थी। दुकान की बिजली दोबारा चालू करवाने के लिए आरोपी ने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी बताकर थाना प्रभारी पर दबाव बनाने की कोशिश की।


गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना डीएलएफ सेक्टर-29 में सरकारी अधिकारी का नाम और पद का दुरुपयोग करने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 जुलाई को ही आरोपी को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Tags:Gurgaongurugramgurugramnewsharyanafraudfakeofficerpolicecrime
property

More from Crime