Home/City/अवैध निर्माणों पर चला MCG का बुलडोजर, 31 निर्माण धराशायी
अवैध निर्माणों पर चला MCG का बुलडोजर, 31 निर्माण धराशायी
SM
Sahil Manchanda
Published on Aug 10, 2026 • 3 min read
अवैध निर्माणों के खिलाफ MCG का बड़ा अभियान। पहले दिन 31 अनाधिकृत निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। सड़कों और गलियों से अतिक्रमण भी हटाया गया।
Gurugram- अवैध और अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने बड़ा अभियान शुरू किया है।निगमायुक्त प्रदीप दहिया के निर्देश पर सोमवार से सभी जोन में एक साथ विशेष इंफोर्समेंट और डिमोलिशन अभियान शुरू किया गया।अभियान के पहले ही दिन नगर निगम की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए 31 अनाधिकृत निर्माणों को धराशायी किया। इसके साथ ही सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया।
*सभी जोन में उतरीं इंफोर्समेंट टीमें*
नगर निगम ने सभी जोन में संयुक्त आयुक्तों के नेतृत्व में विशेष इंफोर्समेंट टीमें गठित की हैं। टीमों को जेसीबी और अन्य आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराई गई है।सोमवार सुबह ही टीमें अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचीं और चिन्हित अवैध निर्माणों व अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। निगम के मुताबिक यह मंथ-लॉन्ग डिमोलिशन ड्राइव पूरे अगस्त महीने तक जारी रहेगी।
*पहले दिन 31 अवैध निर्माणों पर कार्रवाई*
नगर निगम के मुताबिक पहले दिन अलग-अलग जोन में कुल 31 अनाधिकृत निर्माणों पर कार्रवाई की गई।कार्रवाई के दौरान डीपीजी कॉलोनी सेक्टर-34, रेयान एन्क्लेव भोंडसी, अशोक विहार-2, कृष्णा कॉलोनी, सेक्टर-69, आयुध डिपो प्रतिबंधित क्षेत्र और भीमगढ़ खेड़ी समेत कई इलाकों में निगम की टीमें सक्रिय रहीं।जोन वाइज कार्रवाई की बात करें तो जोन-1 में 1, जोन-2 में 4, जोन-3 में 4, जोन-4 में 3, जोन-5 में 5, जोन-6 में 5 और जोन-7 में 9 निर्माणों पर कार्रवाई की गई।
*पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट रहे तैनात*
अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक इंफोर्समेंट टीम के साथ पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके चलते निगम की टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई को अंजाम दिया।अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नगर निगम ने सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण भी हटाए।
नगर निगम का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक रास्तों को बाधामुक्त करना, लोगों की आवाजाही को आसान बनाना और शहर में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना है। यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। पूरे अगस्त महीने में अलग-अलग इलाकों में नियमित रूप से डिमोलिशन और इंफोर्समेंट कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि गुरुग्राम में अवैध और अनाधिकृत निर्माण किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और कानून के दायरे में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।