Gurugram- यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में एक मोटरसाइकिल पर 41 लंबित चालान मिलने के बाद उसे इंपाउंड कर दिया गया।
दरअसल, 17 अगस्त को आर्टिमिस टी-पॉइंट पर जोनल अधिकारी एसआई राजपाल अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया।चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। जब पुलिस ने वाहन के रिकॉर्ड की जांच की तो मोटरसाइकिल पर कुल 41 चालान लंबित पाए गए।
इन चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब 3 लाख 78 हजार रुपये थी। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना इंश्योरेंस और बिना पीयूसी समेत यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े चालान शामिल थे।लंबित चालानों के चलते गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन के जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें और लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें।पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद की और दूसरे सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है।






