BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Crime/फूलों की दुकान चलाने वाले युवक की हत्या का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
Crime

फूलों की दुकान चलाने वाले युवक की हत्या का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

SM

Sahil Manchanda

Published on Jul 30, 20262 min read

फूलों की दुकान चलाने वाले युवक की हत्या का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
फूलों की दुकान चलाने वाले 38 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Gurugram- डीएलएफ फेज-1 स्थित फूलों की दुकान के संचालक की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह और इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित Khushi Florist नामक दुकान के अंदर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां 38 वर्षीय संजय का शव खून से लथपथ हालत में मिला। उसके सिर और हाथ पर गंभीर चोटों के निशान थे।

घटना की सूचना मिलते ही फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, सीन ऑफ क्राइम, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा और अन्य अहम साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण (बिहार) निवासी 38 वर्षीय संजय के रूप में हुई, जो पिछले करीब 10 वर्षों से डीएलएफ फेज-1 के ए-ब्लॉक में जी-टाउन वाइन शॉप के पास फूल, गुलदस्ते और बुके की दुकान चला रहा था। मृतक के परिचित की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 40 वर्षीय राजीव दास, निवासी मधुबनी (बिहार) को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले मृतक का किसी व्यक्ति के साथ विवाद हुआ था, जिसके दौरान उसके सिर पर डंडे से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

फिलहाल गुरुग्राम पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की असली वजह, अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:Gurgaongurugramgurugramnewsharyanaharyananewspolicegurgaonpolicemurdercrimecrimenews

More from Crime