पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम! कार से टक्कर मारकर किया किडनैप, एक आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने, कार से टक्कर मारने, अपहरण करने और हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
Gurugram- पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने, कार से टक्कर मारने, अपहरण करने और हवाई फायरिंग करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने हीरो होंडा चौक के पास से दबोचा।
मामला गुरुग्राम के सेक्टर-5 थाना क्षेत्र का है। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-5 मार्केट में कपड़े प्रेस करने का काम करता है। 17 जुलाई की सुबह करीब 3:45 बजे जब वह शीतला कॉलोनी में कार साफ करने जा रहा था, तभी पीछे से आई एक स्विफ्ट कार ने उसे टक्कर मार दी।
पीड़ित के मुताबिक, कार से चार युवक उतरे और लोहे की रॉड व डंडों से उस पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे जबरन कार में बैठाकर ले गए, उसका मोबाइल फोन और अन्य सामान छीन लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसे नहर के पास फेंक दिया, हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 जुलाई को हीरो होंडा चौक के पास से एक आरोपी रोहित अग्रवाल, निवासी देवीलाल कॉलोनी, गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और पीड़ित के बीच पहले से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फिलहाल गुरुग्राम पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Tags:GurgaongurugramharyanaharyananewskidnapMaarpeetmurdercrimepolicegurgaonpolice




