Home/Crime/गुरुग्राम में अपराधियों पर पुलिस का बुलडोजर एक्शन, एक मकान ध्वस्त तो दूसरा सीज
गुरुग्राम में अपराधियों पर पुलिस का बुलडोजर एक्शन, एक मकान ध्वस्त तो दूसरा सीज
SM
Sahil Manchanda
Published on Oct 16, 2026 • 2 min read
गांव झाड़सा में पुलिस ने दो आदतन अपराधियों के मकानों पर कार्रवाई की। करीब 200 वर्ग गज के मकान को ध्वस्त किया गया, जबकि 100 वर्ग गज के मकान को सील किया
Gurugram- गुरुग्राम में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक मकान पर बुलडोजर चलाया, जबकि दूसरे मकान को सील कर दिया। गुरुग्राम पुलिस ने यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, शस्त्र अधिनियम, मारपीट समेत विभिन्न संगीन अपराधों के कुल 12 मामले दर्ज हैं।
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को गांव झाड़सा में दो आदतन अपराधियों के अवैध रूप से कब्जाए गए या बनवाए गए मकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस अभियान में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध निर्माण और कब्जे के विरुद्ध कदम उठाए गए।
पहली कार्रवाई आरोपी नवीन उर्फ ढाबा निवासी गांव झाड़सा के मकान पर की गई। आरोपी द्वारा गांव में अवैध रूप से कब्जाए गए या बनवाए गए लगभग 100 वर्ग गज के मकान को एंटी नारकोटिक सेल, गुरुग्राम ने संबंधित विभागों के समन्वय से सील कर दिया। पुलिस के मुताबिक, नवीन उर्फ ढाबा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत गुरुग्राम में कुल चार अभियोग दर्ज हैं।
वहीं, दूसरी कार्रवाई आरोपी राजेश उर्फ राजू निवासी गांव झाड़सा के खिलाफ की गई। आरोपी द्वारा अवैध रूप से कब्जाए गए या बनवाए गए लगभग 200 वर्ग गज के मकान को सेक्टर-39 की टीम ने संबंधित विभागों के समन्वय से ध्वस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार, राजेश उर्फ राजू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, शस्त्र अधिनियम, मारपीट और अन्य संगीन अपराधों से जुड़े कुल आठ अभियोग दर्ज हैं।
इस तरह दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों की कुल संख्या 12 है। पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, अवैध कब्जों पर रोक लगाने और नागरिकों को अपराध से सुरक्षित रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने आदतन अपराधियों और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।