Gurugram- गुरुग्राम पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 अगस्त से 30 अगस्त 2026 के बीच विभिन्न साइबर ठगी के मामलों में शामिल 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध गौरव फोगाट के मार्गदर्शन में साइबर अपराध थाना टीमों ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, APK फाइल, फेक इंस्टाग्राम आईडी, ट्रेडिंग फ्रॉड, इंस्टाग्राम हैकिंग, सेक्सटॉर्शन, टिकट बुकिंग फ्रॉड और जॉब फ्रॉड जैसी वारदातों को अंजाम देते थे।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 2 सिम कार्ड, 2 पासबुक और 2 लाख 27 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार तकनीकी जांच की जा रही है।

गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति की कॉल, WhatsApp या सोशल मीडिया मैसेज पर भरोसा न करें। निवेश, ट्रेडिंग या ऑनलाइन टास्क के नाम पर भेजे गए संदिग्ध लिंक और एप्लीकेशन से सावधान रहें। पुलिस ने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की अपील की है। अगर कोई व्यक्ति खुद को CBI, पुलिस, NCB या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर डराता है और पैसे की मांग करता है, तो किसी भी स्थिति में पैसे ट्रांसफर न करें। 

साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।