Gurugram- अपराध और अपराधियों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आपराधिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जा रही एक अवैध प्लास्टिक शीट और बैग निर्माण फैक्ट्री को ध्वस्त करा दिया। अपराध शाखा मानेसर की टीम ने 12 अगस्त को सेक्टर-9 स्थित करीब 200 वर्ग गज में बनी इस फैक्ट्री पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार ध्वस्त की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है।
पुलिस जांच के मुताबिक यह फैक्ट्री प्रताप नगर निवासी विनय बाजवा द्वारा संचालित की जा रही थी। यहां प्लास्टिक शीट, पॉलिथीन और बैग तैयार किए जाते थे। जांच में पुलिस को ऐसे इनपुट मिले कि फैक्ट्री का इस्तेमाल केवल कारोबार के लिए नहीं, बल्कि आपराधिक गतिविधियों से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को मजबूत करने के लिए भी किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार विनय बाजवा और कुख्यात अपराधी कौशल चौधरी के बीच मिलीभगत सामने आई है। आरोप है कि खांडसा मंडी के दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों पर दबाव बनाकर उन्हें विनय बाजवा की फैक्ट्री से ही प्लास्टिक शीट और पॉलिथीन खरीदने के लिए मजबूर किया जाता था। डर और धमकी के जरिए बाजार में दबाव बनाकर आर्थिक फायदा उठाने का आरोप है।
जांच में पुलिस के सामने यह भी आया कि इस पूरी गतिविधि के जरिए हर महीने करीब 20 से 25 लाख रुपये का अवैध आर्थिक लाभ कमाया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि इस रकम का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और आपराधिक नेटवर्क को आर्थिक रूप से मजबूत करने में किया जा रहा था। जांच के दौरान विनय बाजवा द्वारा कौशल चौधरी को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात भी सामने आने की जानकारी पुलिस ने दी है।
अपराध शाखा मानेसर की टीम ने एकत्रित सूचनाओं और साक्ष्यों के आधार पर फैक्ट्री को चिन्हित किया। इसके बाद संबंधित विभागों के साथ समन्वय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई और करीब 1.5 करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत वाली अवैध संपत्ति को ध्वस्त करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि अपराधियों के साथ-साथ उन्हें आर्थिक या अन्य प्रकार से मदद पहुंचाने वाले लोगों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ऐसे अवैध आर्थिक स्रोतों और संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा डराने-धमकाने, अवैध वसूली, रंगदारी या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि के जरिए दबाव बनाया जा रहा है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और उनके आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।






