BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Political/झाड़सा में बाबा बालकनाथ मंदिर पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत तेज, पंकज डावर ने सरकार पर साधा निशाना

झाड़सा में बाबा बालकनाथ मंदिर पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत तेज, पंकज डावर ने सरकार पर साधा निशाना

SM

Sahil Manchanda

Published on Sep 13, 20263 min read

झाड़सा में बाबा बालकनाथ मंदिर पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत तेज, पंकज डावर ने सरकार पर साधा निशाना
सेक्टर-50 झाड़सा में बाबा बालकनाथ मंदिर परिसर पर हुई कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेता पंकज डावर ने सरकार पर निशाना साधा ओर जाँच की मांग की।
Gurugram- गुरुग्राम के सेक्टर-50 स्थित आदमपुर झाड़सा गांव में बाबा बालकनाथ मंदिर, गोशाला और समाधि स्थल को तोड़े जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शहरी पंकज डावर ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

पंकज डावर ने आरोप लगाया कि मंदिरों के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा सरकार के राज में प्राचीन मंदिरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा की धर्म के नाम पर राजनीति करने की वास्तविकता जनता के सामने आ रही है।डावर ने कहा कि आदमपुर झाड़सा गांव में बाबा बालकनाथ जी का प्राचीन मंदिर, गोशाला और समाधि स्थल लंबे समय से आस्था के केंद्र रहे हैं। उनके मुताबिक, स्थानीय ग्रामीणों और संत समाज का कहना है कि यह जमीन गांव की पंचायत की ओर से दशकों पहले बाबा बालकनाथ आश्रम और पूजा-पाठ के लिए दान में दी गई थी। यहां वर्षों से पूजा-अर्चना के साथ गोसेवा भी की जा रही थी।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम और नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया। उनके मुताबिक, करीब 16 घंटे तक चली कार्रवाई में शिव मंदिर को छोड़कर पांच अन्य मंदिरों, गोशाला और समाधि स्थल को तोड़ा गया।

उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान मूर्तियों को रातों-रात वहां से हटाया गया, जबकि गोशाला में मौजूद करीब 35 गायों को कार्टरपुरी गोशाला में शिफ्ट किया गया। पंकज डावर ने इस पूरी कार्रवाई को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सवाल उठाए हैं।

डावर ने कहा कि प्रशासन की ओर से दावा किया जा रहा है कि यह करीब चार एकड़ सरकारी जमीन है और संबंधित लोगों को पहले नोटिस दिए गए थे। लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह प्राचीन धार्मिक स्थल था तो क्या सरकार को कार्रवाई से पहले आस्था और धार्मिक परंपराओं को ध्यान में नहीं रखना चाहिए था?

कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय ग्रामीणों की ओर से जमीन को लेकर बड़े बिल्डरों और भू-माफियाओं को फायदा पहुंचाने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सरकार को पूरे मामले की सच्चाई सामने लानी चाहिए।

पंकज डावर ने भाजपा पर धर्म के नाम पर दोहरे चरित्र की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा खुद को हिंदुत्व और सनातन की सबसे बड़ी हितैषी बताती है, जबकि दूसरी तरफ गुरुग्राम में पुराने धार्मिक स्थलों पर प्रशासन के जरिए कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म के नाम पर राजनीति नहीं करती और आस्था के केंद्रों पर चोट करने के पक्ष में नहीं है। कांग्रेस संगठन एकजुटता और भाईचारे के साथ क्षेत्र के लोगों के साथ खड़ा है।

पंकज डावर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने, कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी अधिकारी की गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।उन्होंने साथ ही मांग की कि झाड़सा गांव के बाबा बालकनाथ मंदिर परिसर का पुनर्निर्माण करवाया जाए। पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले में ग्रामीणों और संत समाज के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

हालांकि, ये आरोप कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डावर की ओर से लगाए गए हैं। प्रशासन का पक्ष है कि संबंधित जमीन सरकारी है और कार्रवाई नियमानुसार नोटिस देने के बाद की गई।
Tags:GurgaonGurugramHaryanaTempleBalaknathmandirDemolition #congress

More from Political