पॉश सोसाइटी में कूड़ा डालने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, भाजपा नेता पर मामला दर्ज

अंसल वर्सालिया सोसाइटी में खुले में कूड़ा फेंकने के विरोध को लेकर विवाद हिंसक हो गया। मामले में भाजपा नेता के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
Gurugram- सेक्टर-67ए स्थित अंसल वेरसालिया सोसाइटी में कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस मामले में भाजपा नेता और उनके परिवार के सदस्यों पर RWA के ज्वाइंट सेक्रेटरी और उनकी पत्नी के साथ बीच सड़क लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, मामले में गुरुग्राम पुलिस ने शिकायत के आधार पर भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, विवाद सोसाइटी परिसर में खुले में कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुआ। आरोप है कि भाजपा नेता के परिवार द्वारा मंदिर के पास कूड़ा डाला जा रहा था, जिसका सोसाइटी के लोगों ने विरोध किया। जब RWA के ज्वाइंट सेक्रेटरी और अन्य निवासियों ने इस मुद्दे पर बातचीत करने की कोशिश की तो कहासुनी शुरू हो गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान पहले गाली-गलौज की गई और फिर भाजपा नेता समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उनका आरोप है कि उन्हें सोसाइटी के अंदर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जिससे दोनों को चोटें आईं।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लिए मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि राजनीतिक प्रभाव के चलते उनके साथ इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने गुरुग्राम पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने शिकायत के आधार पर भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, पीड़ितों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:Gurgaongurugramgurugramnewspolicegurgaonpolicemaarpeetcrimesocietygarbagebjp




