814 ग्राम MDMA ड्रग के साथ प्राइवेट चार्टर पायलट गिरफ्तार

गुरुग्राम पुलिस ने 814 ग्राम MDMA ड्रग के साथ एक प्राइवेट चार्टर पायलट को गिरफ्तार किया है। बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
Gurugram- क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 814 ग्राम MDMA के साथ एक प्राइवेट चार्टर पायलट को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 10 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है, जहां उससे ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।
दरअसल क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में एमडीएमए लेकर गुरुग्राम में विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करने के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने दौलताबाद क्षेत्र के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 33 वर्षीय अर्शद अली उर्फ अज्जू निवासी केरल के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से गुरुग्राम की लैंडमार्क सोसायटी में रह रहा था।
शुरुवाती जांच में सामने आया है कि आरोपी नोएडा स्थित फर्न एविएशन में पिछले तीन वर्षों से पायलट के रूप में कार्यरत है और निजी चार्टर उड़ानों का संचालन करता है।जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया, किन लोगों तक इसकी सप्लाई होनी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा की माने तो शुरुआती पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी स्वयं भी एमडीएमए का सेवन करता था। हालांकि, उसने नशे की हालत में कभी विमान उड़ाया या नहीं, यह अभी जांच का विषय है। बहरहाल रिमांड के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:Gurgaongurugramharyanaharyanapolicegurgaonpolicegurugrampolicecrimedrugscharterplanepilot




