गुरुग्राम में सेवानिवृत्त सेना अधिकारी से मारपीट, आरोपी 7 घंटे में गिरफ्तार

गुरुग्राम में रिटायर्ड सेना अधिकारी से मारपीट के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज होने के 7 घंटे के अंदर आरोपी दीपक मावी को गिरफ्तार कर लिया।
Gurugram- गुरुग्राम के सेक्टर-58 स्थित मैग्नम ग्लोबल पार्क में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में सेवानिवृत्त सेना अधिकारी के साथ मारपीट करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सेक्टर-65 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के महज 7 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला 10 सितंबर 2026 का है। जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त सेना अधिकारी अपनी कार पार्क करने के लिए मैग्नम ग्लोबल पार्क, सेक्टर-58 पहुंचे थे। यहां पार्किंग में वाहन खड़ा करने को लेकर उनकी पार्किंग अटेंडेंट से कहासुनी हो गई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की और लोहे के पाइप से वार कर दिया। पाइप का वार उनकी बाजू पर लगा।
घटना के बाद 11 सितंबर को पुलिस थाना सेक्टर-65 की टीम को मारपीट की सूचना मिली। पुलिस ने पीड़ित से संपर्क किया, लेकिन उस समय पीड़ित ने बताया कि वह अपनी शिकायत बाद में देगा।इसके बाद 13 सितंबर को पीड़ित ने सेक्टर-65 थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के करीब 7 घंटे के अंदर, 14 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय दीपक मावी, निवासी गांव कोट, जिला फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन कार पार्किंग को लेकर उसकी शिकायतकर्ता से कहासुनी हो गई थी। गुस्से में आकर उसने पार्किंग में पड़े लोहे के पाइप से शिकायतकर्ता पर वार कर दिया, जो उनकी बाजू पर लगा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पार्किंग में गाड़ियां पार्क कराने का काम करता है। फिलहाल पुलिस आरोपी से घटना को लेकर विस्तार से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaHaryananewsPoliceGurgaonpoliceGurugrampolicecrimemaarpeet




