Gurugram- शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला गुरुग्राम के सेक्टर-30 स्थित Zepto ग्रोसरी स्टोर का है, जहां चोरी में पकड़े जाने की रंजिश को लेकर एक युवक ने अपने साथियों के साथ स्टोर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने स्टोर के शिफ्ट इंचार्ज पर को बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद स्टोर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात स्टोर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई को स्टोर के कर्मचारियों ने एक युवक को कथित तौर पर चोरी करते हुए पकड़ लिया था। कर्मचारियों ने उसे पकड़कर पूछताछ की, जिसके बाद वह वहां से चला गया। बताया जा रहा है कि इसी बात की रंजिश युवक के मन में थी।घटना के करीब तीन दिन बाद आरोपी अपने कई साथियों के साथ दोबारा Zepto स्टोर पहुंचा। स्टोर में घुसते ही आरोपियों ने सीधे शिफ्ट इंचार्ज को निशाना बनाया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। स्टोर में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए।

हमले की पूरी घटना स्टोर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी स्टोर के अंदर घुसकर मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अब यही फुटेज पुलिस जांच का सबसे अहम आधार बन गया है।घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-40 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और  जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।