पुलिस के मुताबिक, 17 जुलाई को एक महिला ने थाना शिवाजी नगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वह शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे अपने दो बच्चों और एक रिश्तेदार के साथ बलेनो कार में घूमने के लिए घर से निकली थीं। करीब 4:40 बजे जब उनकी कार ओल्ड जेल चौक से राजीव चौक की ओर मुड़ रही थी, तभी राजीव चौक की तरफ से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक थार एसयूवी ने उनकी कार के ड्राइवर साइड में जोरदार टक्कर मार दी।
महिला के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी बलेनो कार उछलकर डिवाइडर से जा टकराई। वहीं, टक्कर के बाद थार भी सड़क पर पलट गई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हादसे के समय थार चालक शराब के नशे में था और दुर्घटना के बाद मौके पर गाली-गलौज कर रहा था। शिकायत के आधार पर थाना शिवाजी नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान शिवाजी नगर थाना पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान रोहित यादव (23 वर्ष), निवासी संजयग्राम कॉलोनी, सेक्टर-13, गुरुग्राम के रूप में हुई है।पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल की गई थार कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय वह वास्तव में नशे की हालत में था या नहीं। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






