BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Crime/गुरुग्राम में थाईलैंड की महिला गिरफ्तार, LED के पीछे छिपाकर रखा था MDMA, वीजा अवधि की भी जांच
property

गुरुग्राम में थाईलैंड की महिला गिरफ्तार, LED के पीछे छिपाकर रखा था MDMA, वीजा अवधि की भी जांच

SM

Sahil Manchanda

Published on Oct 18, 2026 • 3 min read

गुरुग्राम में थाईलैंड की महिला गिरफ्तार, LED के पीछे छिपाकर रखा था MDMA, वीजा अवधि की भी जांच

Gurugram- गुरुग्राम में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी एचएसएनसीबी की गुरुग्राम यूनिट ने थाईलैंड की एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से 14.80 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, नशीले पदार्थ को सुशांत लोक के सी ब्लॉक स्थित एक मकान में कमरे के अंदर एलईडी के पीछे रखे बैग में छिपाकर रखा गया था। इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


एचएसएनसीबी गुरुग्राम यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सुशांत लोक के सी ब्लॉक में रहने वाली एक विदेशी महिला कथित तौर पर एमडीएमए की अवैध बिक्री में शामिल है। सूचना के आधार पर टीम ने नियमानुसार संबंधित मकान पर छापेमारी की। इस दौरान महिला पुलिसकर्मी की सहायता से मकान में मौजूद महिला को काबू किया गया और परिसर की तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान कमरे में एलईडी के पीछे रखे एक बैग से पारदर्शी पॉलीथीन में एमडीएमए बरामद हुआ। डिजिटल कांटे से तौलने पर पॉलीथीन सहित इसका कुल वजन 14.80 ग्राम पाया गया। महिला ने अपनी पहचान वानविसा संसर्न, पुत्री डैन संसेम, निवासी थाईलैंड के रूप में बताई है।


जांच में सामने आया है कि महिला टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी। पुलिस के अनुसार, उसका वीजा वर्ष 2025 में समाप्त हो गया था। अब जांच एजेंसी उसके भारत में रहने की अवधि, वर्तमान आवास और यहां की गतिविधियों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।


पुलिस के मुताबिक, महिला सुशांत लोक में अपनी एक सहेली के मकान पर रह रही थी और वहां करीब एक सप्ताह से ठहरी हुई थी। बताया गया है कि इसके बाद उसकी किसी दूसरी जगह जाने की योजना थी। हालांकि, पुलिस इन जानकारियों की पुष्टि करने में जुटी है।

property


इस मामले में महिला के कथित ड्रग नेटवर्क और उसके बॉयफ्रेंड की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, महिला का बॉयफ्रेंड भी कथित तौर पर ड्रग कारोबार से जुड़ा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद एमडीएमए कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति में महिला के बॉयफ्रेंड या किसी अन्य व्यक्ति की क्या भूमिका रही है।


एचएसएनसीबी के डीआईजी राजेंद्र कुमार मीना ने बताया कि ब्यूरो नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में गिरफ्तारी और बरामदगी के साथ-साथ नशीले पदार्थों के स्रोत तथा इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना भी महत्वपूर्ण है। इस मामले में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


इस संबंध में गुरुग्राम के थाना सुशांत लोक में एफआईआर नंबर 170, दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत, संभावित सप्लाई नेटवर्क और महिला के संपर्कों की पड़ताल कर रही है।


एचएसएनसीबी ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस अथवा ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर 905089150 या मानस हेल्पलाइन 1933 पर साझा करें। ब्यूरो के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaHaryananewsPoliceGurgaonpoliceGurugrampoliceNDPSDrug
property

More from Crime