Gurugram- पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते मारपीट और कार में तोड़फोड़ करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी तरुण उर्फ जादू को अपराध शाखा सोहना ने गिरफ्तार किया, जबकि मामले में शामिल कृष्ण उर्फ काले को अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की रात भोंडसी के घामड़ोज स्थित गोवर्धन पेट्रोल पंप पर शिकायतकर्ता और उसके साथी के साथ डंडों से मारपीट की गई थी। आरोपियों ने उनकी कार में भी तोड़फोड़ की थी।जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के ताऊ के बेटे से पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक डंडा भी बरामद किया है।

वहीं, दूसरे आरोपी कृष्ण उर्फ काले को पहले अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसके इस मारपीट की घटना में शामिल होने का खुलासा हुआ। उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर इस मामले में भी गिरफ्तार किया जाएगा।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।