Gurugram- मामूली विवाद के बाद 45 वर्षीय मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। निहाल कॉलोनी में बीड़ी देने से मना करने पर हुए विवाद के दौरान दो नाबालिगों ने कथित तौर पर एक व्यक्ति के साथ डंडे से मारपीट की। सिर में चोट लगने के कारण व्यक्ति की मौत हो गई। गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में दोनों नाबालिगों को काबू कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर 2026 को थाना बजघेड़ा की टीम को निहाल कॉलोनी में एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्यारेलाल, निवासी गांव देवराह, जिला टीकमगढ़, मध्य प्रदेश के रूप में हुई। वह गुरुग्राम के सूरत नगर में रहकर मजदूरी करता था।

मृतक की बहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 अक्टूबर को उसके भतीजे ने सूचना दी थी कि निहाल कॉलोनी में दो लड़कों ने प्यारेलाल के साथ लड़ाई-झगड़ा और मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर थाना बजघेड़ा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। घटनास्थल का निरीक्षण सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीमों से भी करवाया गया।

पुलिस जांच और पूछताछ में सामने आया कि दोनों नाबालिगों ने प्यारेलाल से बीड़ी मांगी थी। जब उन्होंने बीड़ी देने से मना किया तो उनके बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर डंडे से प्यारेलाल के साथ मारपीट की। इस दौरान उनके सिर में चोट लगी, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 23 अक्टूबर 2026 को दोनों नाबालिगों को गुरुग्राम से काबू कर लिया। फिलहाल मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस जांच जारी है।