Gurugram- मानेसर क्षेत्र में ढाबे के सामने ट्रैक्टर खड़ा कर प्याज बेचने को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान आत्माराम निवासी दुलौठ, जिला महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी श्रवण (36) निवासी गांव कासन, गुरुग्राम को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को दो दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है।

ट्रैक्टर लगाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की शाम गांव कासन-मानेसर रोड पर अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने श्रवण के ढाबे के पास आत्माराम ने प्याज बेचने के लिए अपना ट्रैक्टर खड़ा किया था। इसी बात को लेकर आत्माराम और ढाबा संचालक श्रवण के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान श्रवण ने डंडे से आत्माराम के बाएं पैर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गया।

आत्माराम की पत्नी की शिकायत के अनुसार, वह अपने पति और बच्चों के साथ पिछले करीब तीन महीने से जमालपुर-पचगांव रोड पर जमालपुर शिव मंदिर के सामने खाली जमीन पर झुग्गी बनाकर रह रही थी। पति-पत्नी आसपास के क्षेत्र में सब्जियां बेचकर परिवार का गुजारा करते थे। घटना के बाद घायल आत्माराम ने अपने पैर पर पट्टी करवाई और परिवार के साथ अपनी झुग्गी में लौट आया। पैर में काफी दर्द होने के कारण वह परेशान था। 21 अक्टूबर की सुबह करीब चार बजे पत्नी ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पास जाकर देखने पर आत्माराम मृत अवस्था में मिला।

पुलिस को 20 अक्टूबर की शाम गांव कासन में झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। अगले दिन घायल व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पैर में लगी चोट की जटिलताओं को मौत का कारण पाया गया। शिकायत, घटनास्थल के निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर 25 अक्टूबर को थाना सेक्टर-7, आईएमटी मानेसर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

थाना सेक्टर-7, आईएमटी मानेसर की पुलिस टीम ने आरोपी श्रवण को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। पुलिस ने आगे की पूछताछ और बरामदगी के लिए आरोपी को दो दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।