Gurugram- डीएलएफ फेज-2 स्थित एक निर्माणाधीन स्कूल में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार बारिश के बीच स्कूल परिसर की पुरानी दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अन्य मजदूरों की मदद से दोनों शवों को मलबे से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतकों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार, डीएलएफ फेज 2 में निजी स्कूल में निर्माण कार्य चल रहा था। बारिश के दौरान दोनों मजदूर पुरानी इमारत की दीवार के पास बैठे हुए थे। तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की और एक मजदूर अहमद ने पुलिस को सूचना दी।

मृतकों की पहचान मेरठ निवासी 45 वर्षीय दयानंद और 35 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। दयानंद का तलाक हो चुका था और उसका एक बेटा है, जबकि सूरज शादीशुदा था और उसके परिवार में पत्नी व दो बेटियां हैं।फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के गुरुग्राम पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले की जांच जारी है।