Gurugram- पुलिस की अपराध शाखा सोहना ने शादी समारोहों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 9 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस आरोपी से अन्य राज्यों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 29 नवंबर 2025 को थाना शहर सोहना में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 नवंबर 2025 की रात सोहना-पलवल रोड स्थित अग्रसेन भवन में उसके बेटे का लग्न समारोह था। समारोह के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका बैग चोरी कर लिया, जिसमें लाखों रुपये की नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अपराध शाखा सोहना की टीम ने 16 जुलाई 2026 को भोपाल रेलवे स्टेशन (मध्य प्रदेश) से आरोपी निकिल (21) निवासी गांव कड़िया सांसी, जिला राजगढ़ (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ शादी के सीजन में अलग-अलग राज्यों में जाता था। गिरोह शादी समारोह में मेहमान बनकर प्रवेश करता था और उन लोगों पर नजर रखता था जो नकदी और आभूषणों का लेन-देन कर रहे होते थे। मौका मिलते ही बैग चोरी कर फरार हो जाते थे। इस मामले में गिरोह के एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में चोरी, डकैती समेत विभिन्न धाराओं के तहत 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी के कब्जे से 9 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और विभिन्न राज्यों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में गहनता से जांच कर रही है।






