Gurugram- गुरुग्राम की एम3एम मरीना सोसाइटी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उसकी पत्नी की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या की और फिर खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले इंजीनियर ने अपनी आईटी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को ईमेल भेजा था। इसमें उसने अपने पिता और मकान मालिक के मोबाइल नंबर साझा करते हुए उन्हें सूचना देने के लिए कहा था। कंपनी के अधिकारियों ने ईमेल मिलने के बाद मकान मालिक से संपर्क किया, लेकिन जब तक मदद पहुंचती, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को एम3एम मरीना सोसाइटी में एक महिला और पुरुष के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब सोसाइटी के टावर नंबर-7 के फ्लैट नंबर 103 में पहुंची, तो महिला का शव जमीन पर पड़ा मिला, जबकि पुरुष का शव पंखे के हुक से लटका हुआ था।

मृतकों की पहचान 28 वर्षीय फरहाना और 30 वर्षीय मोहम्मद असलम के रूप में हुई है। फरहाना केरल की रहने वाली थी, जबकि असलम मूल रूप से कर्नाटक के बेंगलुरु का निवासी था। दोनों पति-पत्नी थे और सोसाइटी के फ्लैट में साथ रहते थे। असलम सेक्टर-58 स्थित एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता था, जबकि फरहाना गृहिणी थी।

*घटना से पहले कंपनी के अधिकारियों को भेजा ईमेल*

जानकारी के अनुसार, असलम ने  अपनी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को ईमेल लिखकर अपनी जिंदगी समाप्त करने की बात कही थी। साथ ही, उसने ईमेल में अपने पिता और मकान मालिक के मोबाइल नंबर दिए और उनसे संपर्क कर सूचना देने को कहा। ईमेल मिलने के बाद कंपनी के अधिकारियों ने मकान मालिक को फोन किया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची। हालांकि, जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। अब पुलिस इस ईमेल और घटनाक्रम के बीच संबंध की जांच कर रही है।

*फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सुसाइड नोट भी मिला*

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस को फ्लैट से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच में शामिल किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि असलम ने कथित तौर पर फरहाना की गला दबाकर हत्या करने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या की। हालांकि, घटना के पीछे की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ईमेल, सुसाइड नोट और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

बादशाहपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के गुरुग्राम पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद था या घटना के पीछे कोई अन्य कारण था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही मौतों से जुड़े सभी पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।