Gurugram- साइबर हब में एक महिला के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 22 अक्टूबर की है, जिसके बाद पीड़ित महिला की शिकायत पर डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पंजाब के फिरोजपुर से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय अनमोल अरोड़ा के रूप में हुई है। आरोपी पंजाब के फिरोजपुर का रहने वाला है। गुरुग्राम पुलिस ने उसे 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का एक दोस्त दिल्ली में परीक्षा देने आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद आरोपी अपने दोस्त के साथ घूमने के लिए गुरुग्राम के साइबर हब पहुंचा था। इसी दौरान महिला के साथ छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।

महिला की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंचने के लिए कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को फिरोजपुर, पंजाब से गिरफ्तार कर लिया।

गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।