Gurugram- सोहना क्षेत्र के गांव दोहला में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर में घुसे बदमाशों ने 34 वर्षीय महिला को कथित तौर पर बंधक बनाया और लूटपाट के बाद उसकी हत्या कर दी। महिला के हाथ-पैर और मुंह पर टेप बंधी हुई मिली।घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब महिला का पति स्कूल से अपने बच्चों को लेकर घर पहुंचा।मृतका की पहचान नीतू के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ गांव दोहला में रहती थी। उसका पति प्रशांत गांव गढ़ी बाजिदपुर स्थित एक स्कूल में शिक्षक है। दंपति के तीन बच्चे हैं, जो उसी स्कूल में पढ़ते हैं जहां प्रशांत पढ़ाते हैं।
प्रशांत के मुताबिक, आज दोपहर जब वह स्कूल से बच्चों को लेकर घर पहुंचे तो घर का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाने पर उन्हें घर का सामान बिखरा हुआ मिला। घर की हालत देखकर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने अपनी पत्नी नीतू को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने घर के अलग-अलग हिस्सों में तलाश शुरू की। इसी दौरान नीतू बाथरूम के पास बेसुध हालत में पड़ी मिली। उनके हाथ पीछे की तरफ टेप से बंधे हुए थे, जबकि पैरों और मुंह पर भी टेप लगी हुई थी। पत्नी की हालत देखकर प्रशांत ने पड़ोसियों को बुलाया और उनकी मदद से नीतू को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रशांत ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी ने जो गहने पहने हुए थे, वे भी गायब मिले। घर में सामान बिखरा होने और गहने गायब होने के कारण शुरुआती तौर पर मामला लूटपाट के बाद हत्या का माना जा रहा है। हालांकि, वारदात को किसने और किस मकसद से अंजाम दिया, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही सोहना सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मुकेश यादव और सोहना सदर थाना प्रभारी भी जांच के लिए पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अब गांव और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात के समय संदिग्ध लोगों की आवाजाही का पता लगाया जा सके। साथ ही, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल महिला की हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






