पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 3 अगस्त को शिकायतकर्ता अपने भाई होशियार के साथ रेंटल की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव का रहने वाला सचेत वहां पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद सचेत ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता के परिजनों से मारपीट की।6 अगस्त को सागर, जो बेंगलुरु में काम करता था, पटौदी बस स्टैंड पहुंचा था।
शिकायतकर्ता उसे लेकर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान कुछ कार सवार लोगों ने उनका पीछा किया। जैसे ही दोनों घर पहुंचे, आरोपी हथियारों और लाठियों से लैस होकर घर में घुस आए और शिकायतकर्ता तथा उसके भाई सागर के साथ मारपीट करने लगे।आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने सागर पर गोली चला दी। गोली लगने से सागर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारपीट में शिकायतकर्ता को भी गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और पुलिस जाम खुलवाने में सफल नहीं हो सकी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पटौदी विधायक बिमला चौधरी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और आरोपियों की शनिवार तक गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
हालांकि, ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक मृतक का शव लेने से इनकार कर दिया था। ग्रामीणों का कहना था कि पहले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, इसके बाद ही वे शव का अंतिम संस्कार करेंगे।
ग्रामीणों के विरोध और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को 9 आरोपियों को रोहतक के आजादगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम, साहिल, गौतम, सचेत उर्फ मुन्ना, विनय कुमार, सुनील उर्फ अभिषेक उर्फ खोटा, मंदीप उर्फ डिप्पी, अश्वनी और अनुश उर्फ चिनू के रूप में हुई है।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सचेत उर्फ मुन्ना की शिकायतकर्ता पक्ष से रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी कई वाहनों में सवार होकर शिकायतकर्ता के घर पहुंचे और हथियारों व लाठियों से लैस होकर घर में घुस गए।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान एक आरोपी ने सागर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की गई है। इसमें आरोपी सचेत के खिलाफ पटौदी में चोरी का सामान रखने या खरीदने से संबंधित मामला दर्ज पाया गया है, जबकि आरोपी सुनील के खिलाफ रोहतक में चोरी का मामला दर्ज है।
फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस मृतक सागर के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंपेगी।






