Gurugram- गुरुग्राम पुलिस ने कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जिले में किसी भी आपात स्थिति, धरना-प्रदर्शन, भीड़ नियंत्रण, साम्प्रदायिक तनाव या आपदा जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पांच नई स्पेशल लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियों का गठन किया गया है। इसके साथ ही अब गुरुग्राम में ऐसी कुल 10 कंपनियां हर समय तैनाती के लिए तैयार रहेंगी।
Article image


इन नई कंपनियों के जुड़ने के बाद अब जिले में कुल 10 विशेष लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियां कार्य करेंगी। इनका उद्देश्य किसी भी संवेदनशील या आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करना और पुलिस की रिस्पांस क्षमता को मजबूत बनाना है।नई व्यवस्था के तहत पूर्व, पश्चिम, दक्षिण और मानेसर पुलिस जोन में दो-दो कंपनियां तैनात की गई हैं। वहीं दो कंपनियां पुलिस उपायुक्त मुख्यालय के अधीन रहेंगी, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर जिले के किसी भी हिस्से में तुरंत भेजा जा सकेगा।
Article image
प्रत्येक कंपनी में कुल 107 पुलिसकर्मी शामिल होंगे। हर कंपनी का नेतृत्व एसीपी रैंक के अधिकारी कंपनी कमांडर के रूप में करेंगे, जबकि इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी असिस्टेंट कमांडर की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस तरह कुल 10 एसीपी के नेतृत्व में 1000 से अधिक पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयार रहेंगे।
Article image
इन विशेष कंपनियों को धरना-प्रदर्शन, भीड़ नियंत्रण, साम्प्रदायिक तनाव, वीआईपी ड्यूटी, आपदा प्रबंधन और अन्य कानून व्यवस्था संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। किसी भी स्थिति में ये टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात पर नियंत्रण करने का काम करेंगी।
Article image
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि बढ़ती आबादी, सुरक्षा चुनौतियों और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इन विशेष कंपनियों के गठन से जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने की क्षमता पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी।