यह मामला 17 अगस्त 2025 की सुबह का है। सुबह करीब 5:25 बजे सेक्टर-57 स्थित एल्विश यादव के घर पर बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। फायरिंग की सूचना मिलते ही सेक्टर-56 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पुलिस की ईआरवी पहले से मौजूद थी। पुलिस ने मौके से कारतूस के खाली खोल बरामद किए और एफएसएल, फिंगरप्रिंट तथा सीन ऑफ क्राइम टीमों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
घटना के बाद एल्विश यादव के पिता ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि तीन हमलावर बाइक पर आए और घर पर जानलेवा हमला करते हुए लगातार गोलियां चलाईं। उन्होंने यह भी बताया कि पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। शिकायत के आधार पर सेक्टर-56 थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के समय घर में मौजूद लोगों को कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा था।
करीब 11 महीने चली जांच के बाद अपराध शाखा सेक्टर-43 ने 10 जुलाई 2026 को भविष्य दहिया को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि भविष्य दहिया और एल्विश यादव पहले बिजनेस पार्टनर थे। दोनों के बीच वित्तीय विवाद और पैसों के लालच के चलते भविष्य दहिया ने एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर फायरिंग की साजिश रची और अन्य आरोपियों की मदद से इस वारदात को अंजाम दिलवाया।
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि साजिश में और कौन-कौन शामिल था। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






