Gurugram- सेक्टर-65 थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने उसके दोस्त पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला इत्तेफाकन गोली चलने का बताया जा रहा है। फिलहाल आरोपी युवक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 28 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दिल्ली के बदरपुर का रहने वाला था। आकाश पिछले कुछ समय से गांव मैदावास में अपनी बहन और जीजा के साथ रह रहा था और गाड़ी चलाने का काम करता था।बताया जा रहा है कि आकाश की दोस्ती लक्की नाम के युवक से थी। परिजनों के मुताबिक, लक्की ने आकाश को बुधवार दोपहर बाद मिलने के लिए बुलाया था। आकाश अपनी स्विफ्ट कार लेकर उससे मिलने गया था। इसके बाद परिजनों को आकाश की मौत की सूचना मिली।

वही मृतक के परिजनों का आरोप है कि आकाश को बहाने से बुलाकर गोली मारी गई। उनका कहना है कि आकाश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि लक्की के पास मौजूद रिवाल्वर से गोली चली, जो उसके पिता की बताई जा रही है। हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली घर के बाहर चली या गाड़ी के अंदर।वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आकाश और लक्की कहीं घूमने जाने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान लक्की के हाथ में रिवाल्वर थी और उसे देखते समय अचानक गोली चल गई। गोली सीधे आकाश के सिर में लगी।

सेक्टर-65 थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामबीर के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी लक्की घटना के बाद से फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।