Gurugram- सेक्टर-53 थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को गांव घाटा की झुग्गियों से पकड़ा गया।पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई कि 6 जुलाई की रात वह अपने दोस्त सागर के साथ सेक्टर-52 स्थित कोयल विहार के पास एक खाली जगह पर गया था। वहां तीन युवक शराब पी रहे थे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसी दौरान एक आरोपी ने उसके दोस्त सागर के पेट में चाकू मार दिया और तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
मामले में सेक्टर-53 थाना पुलिस और अपराध शाखा सेक्टर-43 की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को 8 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान आदित्य (25), पंकज (26) और देवेंद्र (19) के रूप में हुई है।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय तीनों आरोपी शराब पी रहे थे। कहासुनी बढ़ने के बाद उन्होंने चाकू से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पंकज और देवेंद्र डिलीवरी का काम करते हैं, जबकि एक आरोपी निजी कंपनी में नौकरी करता है।
पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें। मामले की जांच जारी है।






