Gurugram- हाईराइज सोसाइटी से हैरान कर देने वाली लापरवाही सामने आई है। सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स सोसाइटी में रविवार शाम बास्केटबॉल खेल रहे एक युवक पर अचानक लोहे का भारी बास्केटबॉल पोल गिर पड़ा। यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब इस घटना को लेकर सोसाइटी के लोग बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
Article image
रविवार शाम कुछ युवक रोज की तरह बास्केटबॉल खेल रहे थे। खेल के दौरान अचानक लोहे का भारी बास्केटबॉल पोल अपनी जगह से उखड़कर सीधे एक युवक पर गिर पड़ा। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वहीं मौजूद दो अन्य खिलाड़ी किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहे।हादसे के तुरंत बाद बास्केटबॉल कोर्ट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग दौड़कर घायल युवक की मदद के लिए पहुंचे। घायल युवक की पहचान कार्तिक के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों के मुताबिक हादसे में कार्तिक की कमर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
Article image
घायल कार्तिक के पिता धर्मेंद्र दलाल ने बताया कि उनका बेटा बी-फार्मा की पढ़ाई पूरी कर चुका है। रविवार शाम वह अपने दोस्तों के साथ बास्केटबॉल खेल रहा था, तभी अचानक पोल गिर गया। परिवार का कहना है कि अगर आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद नहीं करते और समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाते, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।सोसाइटी के निवासियों का आरोप है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही लापरवाही का नतीजा है। उनका कहना है कि बास्केटबॉल पोल पर काफी समय से जंग लगी हुई थी और उसकी हालत खराब थी। कई बार बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी को इसकी शिकायत भी की गई, लेकिन किसी ने समय रहते मरम्मत या बदलाव की जरूरत नहीं समझी।
Article image
निवासियों का आरोप है कि मेंटेनेंस एजेंसी हर महीने मोटी मेंटेनेंस फीस तो वसूलती है, लेकिन सुरक्षा से जुड़े जरूरी कामों पर ध्यान नहीं देती। उनका कहना है कि किसी भी मरम्मत के लिए पहले बिल्डर की मंजूरी का इंतजार किया जाता है, जिसके चलते छोटे-छोटे काम भी महीनों तक अधूरे पड़े रहते हैं। उनका आरोप है कि अगर समय रहते पोल की जांच और मरम्मत कर दी जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
Article image
हादसे के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि आज एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, लेकिन भविष्य में ऐसी लापरवाही किसी की जान भी ले सकती है। लोग मांग कर रहे हैं कि सोसाइटी में लगे सभी खेल उपकरणों, झूलों, जिम उपकरणों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का तुरंत सुरक्षा ऑडिट कराया जाए ताकि दोबारा ऐसा हादसा न हो।
Article image
घायल युवक के परिजनों ने इस मामले की शिकायत पुलिस को सौंपते हुए बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हादसा तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।