Gurugram- दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से Zepto के एक डिलीवरी पार्टनर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे अन्य डिलीवरी पार्टनर्स ने पुलिस और एंबुलेंस के देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम लगा दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 26 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला था। वह पिछले करीब दो वर्षों से गुरुग्राम में रहकर Zepto के लिए डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम कर रहा था।बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह अनिल ऑर्डर की डिलीवरी करने जा रहा था। जैसे ही वह खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास पहुंचा, पीछे से आए एक तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर गया और डंपर के अगले पहिए की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में Zepto के डिलीवरी पार्टनर्स मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। उनका कहना था कि टोल प्लाजा के पास हमेशा एंबुलेंस उपलब्ध रहती है, लेकिन जरूरत के समय उसे मौके पर पहुंचने में देरी हुई।इसी बात को लेकर डिलीवरी पार्टनर्स में नाराजगी फैल गई और उन्होंने कुछ समय के लिए दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर यातायात रोक दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया और यातायात सामान्य हुआ।

खेड़कीदौला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।