Gurugram-  गोल्फ कोर्स रोड के पास एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार सुबह राहगीरों ने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या सिर पर भारी पत्थर से वार कर की गई। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।मृतक की पहचान झारखंड निवासी बंदी औरान के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम में मजदूरी करता था। पुलिस को उसकी जेब से मिले पहचान संबंधी दस्तावेजों के आधार पर शिनाख्त हुई। इसके बाद मृतक के भाई महावीर को घटना की सूचना दे दी गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों के गुरुग्राम पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात को किसने और किन परिस्थितियों में अंजाम दिया।