Gurugram- गुरुग्राम पुलिस ने ब्लैकमेलिंग कर लाखों रुपये की अवैध वसूली करने के आरोप में 24 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला इतनी शातिर है कि वह झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर करीब 90 लाख रुपये वसूल लिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि उसके बैंक खाते में करीब 95 लाख रुपये फ्रीज किए गए हैं।

दरअसल शिकायतकर्ता करीब तीन साल पहले एक ऑनलाइन ऐप के माध्यम से आरोपी महिला के संपर्क में आया था। दोनों के बीच ऑनलाइन चैट के जरिए बातचीत शुरू हुई और बाद में मुलाकातें होने लगीं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ समय बाद महिला ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और लगातार पैसों की मांग करने लगी।इसी दौरान आरोपी महिला उसे झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बैंक ट्रांजेक्शन और नकद के जरिए अब तक करीब 90 लाख रुपये लिए थे। इसके बावजूद महिला द्वारा लगातार और पैसों की मांग की जा रही थी।

सदर थाना पुलिस ने टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा की माने तो आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता को सोहना रोड स्थित सेक्टर-47 के कॉफी हाउस में 50 हजार रुपये लेकर बुलाया था। पुलिस टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू की। जैसे ही महिला ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद लिए, पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया।वही गिरफ्तार महिला की पहचान 24 वर्षीय सूर्यदीता दास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और वर्तमान में गुरुग्राम के सुशांत लोक में रह रही थी। 

पुलिस पूछताछ में महिला द्वारा शिकायतकर्ता से करीब 90 लाख रुपये लेने की बात सामने आई। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते में मौजूद करीब 95 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं।बहरहाल मामले की जांच जारी है।