Gurugram- सेक्टर-67 स्थित अंसल वरशालिया सोसाइटी में घरेलू सहायिका की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कार दुर्घटना में महिला की मौत के मामले में आरोपी महिला चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है।
मामला सेक्टर-65 थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई को मृतका के बेटे ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी 60 वर्षीय मां गुड्डी देवी घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं। 14 जुलाई को वह सेक्टर-67 स्थित अंसल वरशालिया सोसाइटी के एक फ्लैट में काम करने गई थीं। इसी दौरान फ्लैट मालिक नीतू का फोन आया कि उनकी मां का कार से एक्सीडेंट हो गया है और उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया जा रहा है।
शिकायतकर्ता जब मौके पर पहुंचा तो फ्लैट मालिक नीतू उसकी मां को कार में लेकर आई। उस समय गुड्डी देवी कार की पिछली सीट पर अचेत अवस्था में थीं और उनकी मौत हो चुकी थी। शिकायत के आधार पर सेक्टर-65 थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला चालक नीतू, निवासी सेक्टर-67 गुरुग्राम, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।






