Gurugram- सोहना में चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, एक जवान के हाथ पर काट लिया और उनकी वर्दी तक फाड़ दी। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 13-14 जुलाई की रात शहर सोहना थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक वाहन से मोबाइल फोन और नकदी चोरी होने की सूचना मिली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले की पहचान साहिल उर्फ रुक्का, निवासी नट कॉलोनी, सोहना के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ करने के लिए उसके घर पहुंची। जैसे ही आरोपी ने पुलिसकर्मियों को देखा, वह घर से बाहर निकला और अचानक उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने एक पुलिसकर्मी के हाथ पर काट लिया, दोनों पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, उनकी वर्दी फाड़ दी और पत्थरों से हमला करने की भी कोशिश की। इस हमले में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए।

हमले के बावजूद पुलिसकर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।इसी के साथ वाहन से मोबाइल फोन और नकदी चोरी के मामले में पीड़ित की शिकायत पर भी आरोपी के खिलाफ अलग से चोरी का केस दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कोई पहली बार अपराध में शामिल नहीं हुआ है। उसके खिलाफ गुरुग्राम में चोरी समेत विभिन्न अपराधों के छह मामले पहले से दर्ज हैं।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।