Gurugram- पुलिस ने 39 वर्षीय व्यक्ति की पत्थर मारकर हत्या करने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव अरावली के जंगल में फेंक दिया।पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई की सुबह सेक्टर-54 स्थित डीएलएफ फेज-5 के जंगल क्षेत्र में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट टीम की मदद से जांच की। मृतक की पहचान झारखंड के गुमला निवासी 39 वर्षीय बंदी उरांव के रूप में हुई।

मामले की जांच के दौरान सेक्टर-53 थाना और अपराध शाखा सेक्टर-43 की संयुक्त टीम ने 15 जुलाई को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान राम, विनय और प्रकाश के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से झारखंड के रहने वाले हैं और वर्तमान में गुरुग्राम के वजीराबाद में रह रहे थे।पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक करीब एक महीने पहले काम की तलाश में गुरुग्राम आया था। 13-14 जुलाई की रात वह अपने एक साथी के बेटे की जन्मदिन पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी खत्म होने के बाद वह अपने तीन दोस्तों के साथ शहर घूमने निकला। इसी दौरान वजीराबाद ढाणी चौक के पास किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी मृतक को अरावली के जंगल में ले गए, जहां पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। वारदात में इस्तेमाल की गई कार आरोपी राम की बताई गई है।पुलिस के अनुसार, आरोपी राम टैक्सी चालक है, जबकि विनय और प्रकाश ऑटो चलाने का काम करते हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।