पुलिस के अनुसार, मेफील्ड गार्डन निवासी विपिन वर्मा से कुछ समय पहले साइबर ठगों ने संपर्क किया। उन्हें एक टेलीग्राम चैनल से जोड़ा गया, जहां शेयर बाजार और क्रिप्टो में निवेश कर कम समय में कई गुना रिटर्न मिलने के दावे किए जा रहे थे। भरोसा जीतने के लिए चैनल पर लगातार मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशॉट और सफल निवेशकों के दावे साझा किए जाते थे।
इन बातों पर विश्वास कर पीड़ित ने पहले छोटी राशि निवेश की। कुछ ही समय बाद फर्जी ट्रेडिंग ऐप के डैशबोर्ड पर उन्हें भारी मुनाफा दिखाया गया। बढ़ते मुनाफे को देखकर उन्होंने अलग-अलग चरणों में ठगों द्वारा बताए गए कई बैंक खातों में कुल 50 लाख 80 हजार 630 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
जब विपिन वर्मा ने अपनी जमा राशि और दिखाए गए मुनाफे को निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस, टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर और पैसे जमा कराने की मांग शुरू कर दी। लगातार बहाने बनाए जाने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
साइबर थाना पूर्व पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी के मुताबिक, जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या टेलीग्राम पर मिलने वाले निवेश के आकर्षक ऑफरों से सतर्क रहें और बिना सत्यापन किसी भी प्लेटफॉर्म पर पैसा निवेश न करें।






