Gurugram- शहर के एक प्री-स्कूल डे-केयर सेंटर में करीब ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया है कि डे-केयर की एक शिक्षिका ने न केवल बच्ची को थप्पड़ मारे, बल्कि उसके साथ धक्का-मुक्की और मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया। घटना का कथित वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा है।

पुलिस के अनुसार, मारुति विहार, सेक्टर-28 निवासी शिवांगी खन्ना ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी करीब सवा दो साल की बेटी स्थानीय एक प्री-स्कूल डे-केयर सेंटर में पढ़ती है। 7 जुलाई की सुबह वह रोज़ की तरह अपनी बेटी को करीब साढ़े नौ बजे डे-केयर छोड़कर गई थीं। लगभग सवा 11 बजे जब वह बच्ची को लेने पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि उसकी दोनों गाल लाल थे।

परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने इस बारे में डे-केयर की शिक्षिका से पूछा तो उन्हें बताया गया कि बच्ची के गाल सुबह से ही लाल थे। शिक्षिका के इस जवाब पर उन्हें संदेह हुआ और बच्ची को घर ले जाने के बाद उन्होंने उससे बातचीत की। परिजनों का कहना है कि बच्ची ने इशारों में बताया कि टीचर ने उसे मारा था।

इसके बाद परिजनों ने डे-केयर सेंटर की सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की। आरोप है कि फुटेज में शिक्षिका बच्ची के साथ मारपीट करती हुई दिखाई दी। शिकायत के मुताबिक, वीडियो में बच्ची को धक्का देने और उसके साथ अनुचित व्यवहार करने के दृश्य भी नजर आए, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।

शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-29 थाना पुलिस ने जुवेनाइल जस्टिस (केयर एंड प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन) एक्ट की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।