जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे बस अड्डे पर मौजूद लोगों ने एटीएम के पीछे बंद पड़े शौचालय के पास किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर वहां एक नवजात जैसा मासूम अकेला पड़ा मिला। भूख और गर्मी से परेशान बच्चे को तुरंत बस अड्डे के पूछताछ केंद्र ले जाया गया, जहां से डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को इलाज के लिए सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल के बाल स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बच्चे को छोड़कर जाने वाली महिला की पहचान की जा सके।
उधर, सेक्टर-65 थाना क्षेत्र के कादरपुर के पास एक खाली प्लॉट में भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीर रोहित कुमार ने बदबू आने पर प्लॉट में देखा तो वहां भ्रूण पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 88 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






