Gurugram- डीएलएफ फेज-3 क्षेत्र में एक पीजी में रहने वाली युवती के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक निजी कंपनी में कार्यरत युवक शराब के नशे में पीजी के अंदर पहुंचा और युवती के कमरे में दाखिल होकर उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता एक निजी कंपनी में नौकरी करती है और डीएलएफ फेज-3 के एक पीजी में रहती है। उसका आरोप है कि 2 जुलाई की रात एक युवक अचानक उसके कमरे में आ गया। उसने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की और डराने-धमकाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग सक्रिय हुए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
घटना के बाद पीड़िता मानसिक रूप से काफी परेशान रही। कुछ दिनों बाद उसने पूरे मामले की शिकायत डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।जांच के दौरान पुलिस ने बुलंदशहर निवासी विल्सन जॉर्ज को गिरफ्तार किया। वह उद्योग विहार स्थित एक कॉल सेंटर में कार्यरत है।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने शराब पी रखी थी और वह अपने दोस्त के पीजी में जाने की बजाय गलती से दूसरे पीजी में पहुंच गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की सभी परिस्थितियों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।






