Gurugram- गुरुग्राम की एक हाईराइज सोसाइटी से लापरवाही का बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में घर की पार्किंग में सो रही एक घरेलू सहायिका की थार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद थार चालक महिला घायल महिला को अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने वाली थीं। वह सोसाइटी के एक फ्लैट में घरेलू काम करती थीं।बताया जा रहा है ग्राउंड फ्लोर की कार पार्किंग में महिला आराम कर रही थीं।इसी दौरान बिल्डिंग में रहने वाली एक महिला अपनी थार एसयूवी को रिवर्स कर रही थी। ओर गाड़ी चलाते समय पार्किंग में सो रही महिला दिखाई नहीं दी और वाहन उसके ऊपर चढ़ गया।हादसे का एहसास होने पर चालक महिला तुरंत गाड़ी से उतरी और घायल को निजी अस्पताल लेकर पहुंची। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से लौटने के बाद महिला शव को दोबारा सोसाइटी की पार्किंग में लेकर आई और वहीं छोड़ दिया, जहां हादसा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।सेक्टर-65 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।